लाजपत नगर की सरकारी भूमि पर कथित अवैध निर्माण की जांच की मांग, राष्ट्रीय बजरंग दल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन


लव इंडिया, मुरादाबाद। राष्ट्रीय बजरंग दल ने लाजपत नगर स्थित सरकारी भूमि पर कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई।


ज्ञापन में कहा गया है कि संगठन इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को अवगत करा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। संगठन का आरोप है कि लाजपत नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि पर पहले एक जियारत का निर्माण किया गया, बाद में वहां मदरसा संचालित किया गया और वर्तमान में मस्जिद का निर्माण हो चुका है। संगठन ने प्रशासन से भूमि के स्वामित्व और उपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


राष्ट्रीय बजरंग दल ने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें भूमि अभिलेखों का सत्यापन, कथित अवैध निर्माण पाए जाने पर विधिक कार्रवाई, दोषी व्यक्तियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पूरे मामले की समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करना शामिल है।


राष्ट्रीय बजरंग दल पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा कि संगठन किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण या सरकारी भूमि के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी समुदाय विशेष का विरोध नहीं, बल्कि कानून के शासन और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों का विश्वास बना रहे।


ज्ञापन कार्यक्रम में सुरेश गुप्ता, शरद रस्तोगी, विजय शर्मा, इशांक भारद्वाज, अभिषेक श्रीवास्तव, जतिन प्रजापति, सुशांत गुप्ता, रमेश प्रजापति, अनुज आर्य, गोविंद सिंह, रोहित कश्यप, अभिषेक सैनी, गौतम, मोनू, शिवम, सुंदर, अजय, बंश, बिशु, ललित, हर्षित, अनुराग, सुमित, रवि सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!