पातालेश्वर मंदिर की महा आरती बनी आस्था का केंद्र, 22 वर्षों से अनूठी परंपरा निभा रहे महंत जुगल किशोर मिश्रा

लव इंडिया, संभल। हयातनगर क्षेत्र के बहजोई–संभल रोड स्थित सिद्ध पीठ पातालेश्वर मंदिर, पक्के बाग, सराय तरीन में सावन माह के प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली महा आरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जलाभिषेक के बाद शाम 7:30 बजे होने वाली महा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

मंदिर में सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार विभिन्न प्रकार के फल, मिठाइयों, पकवानों एवं अन्य व्यंजनों के स्टॉल लगाते हैं। पूजा-अर्चना के उपरांत इनका प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है। इससे मंदिर परिसर में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

मंदिर के महंत जुगल किशोर मिश्रा पिछले 22 वर्षों से लगातार महा आरती का संचालन कर रहे हैं। उनकी आरती की अनूठी शैली और भावपूर्ण प्रस्तुति श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करती है। यही कारण है कि आरती के समय मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठता है।

error: Content is protected !!