मुरादाबाद में श्री महाकालेश्वर धाम मंदिर में श्रीराम चरितमानस कथा का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा


लव इंडिया, मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित श्री महाकालेश्वर धाम मंदिर में श्रीराम चरितमानस कथा एवं श्रीराम लला स्थापना कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। कार्यक्रम के तहत 25 मई से प्रारंभ हुए धार्मिक आयोजन में पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


मंदिर परिसर से निकली कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थीं। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव, श्रीराम, श्रीहनुमान, गणेश जी और अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।


आयोजकों के अनुसार, श्री महाकालेश्वर धाम में श्रीराम चरितमानस कथा का आयोजन 25 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा। कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 26 मई को शिव विवाह, 27 मई को राम जन्म, 28 मई को राम विवाह, 29 मई को वनवास एवं सीता हरण और 30 मई को राजतिलक की कथा का आयोजन होगा।


मंदिर ट्रस्टी प्रिया अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से कथा का आयोजन किया जा रहा है। अंतिम दिन 31 मई को हवन-पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कथा वाचन के लिए चित्रकूट से आईं बहन पुष्पा रामायणी श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करा रही हैं।


कलश यात्रा में ओम संस परिवार से महेश चंद्र अग्रवाल, विमला अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, शैल्ली अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, पायल अग्रवाल, रेखा मदान, रामबाबू भटनागर, सुनील अग्रवाल, मंदिर के मुख्य पुजारी गणेशानंद, रवीश पाठक, गौरव, परशुराम तिवारी, अनिल अग्रवाल, राजेश समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राम जी राम ने किया।

error: Content is protected !!