UGC के विरोध में मुरादाबाद में सवर्ण समाज का अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक जुलूस, DM कार्यालय पर प्रदर्शन

उमेश लव लव इंडिया, मुरादाबाद। देश में यूजीसी कानून लागू करने के विरोध में अंबेडकर पार्क से जुलूस निकालकरसंपूर्ण सवर्ण,अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा व अन्य समाज से जुड़े लोगों ने कलक्ट्रेट का घेराव किया और सम्पूर्ण सवर्ण समाज, मुरादाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और समर्थक डॉ. अंबेडकर पार्क से जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में समाज के सभी वर्गों के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नीतियां बनाते समय आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की वास्तविक स्थिति को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की मांग


ज्ञापन में आरक्षण से संबंधित नीतियों की समीक्षा किए जाने तथा आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्रमुखता देने की मांग की गई। संगठन ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हितों की प्रभावी सुरक्षा के लिए नीतिगत कदम उठाने की मांग रखी।
इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की वास्तविक स्थिति का अध्ययन करने के लिए सवर्ण आयोग के गठन की मांग भी की गई। संगठन का कहना है कि आयोग के माध्यम से ऐसे परिवारों की समस्याओं और जरूरतों का अध्ययन कर सरकार को ठोस सुझाव दिए जा सकते हैं।


एससी/एसटी एक्ट में समीक्षा और कानूनी सुधार की मांग

ज्ञापन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों की समीक्षा और आवश्यक कानूनी सुधार किए जाने की मांग भी शामिल है।संगठन ने कहा कि कानून का उद्देश्य सामाजिक संरक्षण और न्याय सुनिश्चित करना है, लेकिन इसके साथ निर्दोष नागरिकों के अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से आवश्यक प्रक्रियात्मक और कानूनी सुरक्षा उपायों पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की गई।

संगठन ने कहा- मांग किसी वर्ग के अधिकारों के खिलाफ नहीं


सम्पूर्ण सवर्ण समाज ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि उसकी मांग किसी दूसरे वर्ग के अधिकारों के विरोध में नहीं, बल्कि जरूरतमंद नागरिकों को समान अवसर और न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से है।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक नीतिगत और कानूनी कदम उठाने की अपील की गई है।

मुरादाबाद में सवर्ण समाज द्वारा आरक्षण व्यवस्था और समान अवसर से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन का यह विषय नया नहीं है। जनवरी 2026 में भी सवर्ण समाज के संगठनों ने मुरादाबाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की मांग उठाई थी।

मुख्य मांगें


आरक्षण संबंधी नीतियों की समीक्षा।
आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्रमुखता।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के हितों की प्रभावी सुरक्षा।
सवर्ण आयोग के गठन की मांग।
एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों की समीक्षा और आवश्यक कानूनी सुधार।
समाज के सभी वर्गों के लिए समान अधिकार, समान अवसर और न्याय सुनिश्चित करना।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह,मनु शर्मा,रजत शर्मा,प्रियांशु जोशी, इंग्लेश शर्मा,देवेश वशिष्ठ,गोलू शर्मा,अरविंद शर्मा,देश राज सिंह,सतीश चौहान,अशोक कुमार सिंह कठेरिया,ठाकुर वीके सिंह व अन्य मौजूद रहे।
error: Content is protected !!