बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, चार गोलियां दागीं

कोलकाता / उत्तर 24 परगना। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। भाजपा नेता और बंगाल की राजनीति के बड़े चेहरे शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) और करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।


रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ पिछले 10 से 12 वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और संगठनात्मक गतिविधियों में अहम भूमिका निभाते थे। हाल के विधानसभा चुनावों के दौरान भी वे चुनाव प्रबंधन और प्रचार अभियान से जुड़े कार्य देख रहे थे।


घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
इस वारदात के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर इसे चुनाव बाद की हिंसा से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं की है।

error: Content is protected !!