TMU में International Conference बुधवार से,जुटेंगे देश-विदेश के IT Experts

लव इंडिया मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज़ एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी-सीसीएसआईटी और कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की ओर से 07 अक्टूबर से डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स-आईसीडीटीआईएस-2026 पर प्रथम अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस होने जा रही है।

टीएमयू ऑडिटोरियम में आईसीडीटीआईएस के प्रथम संस्करण का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होने वाली इस दो दिनी कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के आईटी विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, युवा शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, उद्योग विशेषज्ञों एवम् स्टुडेंट्स की सहभागिता होगी। कॉन्फ्रेंस में 160 शोध-पत्र प्राप्त हुए हैं, लेकिन अंततः 90 शोध-पत्र कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुति के लिए स्वीकृत किए गए हैं। कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, इंटेलिजेंट सिस्टम्स, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, साइबर सुरक्षा, स्मार्ट टेक्नोलॉजी के संग- संग अन्य उभरती डिजिटल तकनीकों में नवीन अनुसंधान एवम् नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

सात अक्टूबर को बीएलएस इंटरनेशनल सर्विस लिमिटेड, नई दिल्ली के प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन) श्री गोलोक कुमार सिमली मुख्य अतिथि होंगे,जबकि आईबीएम (इंडिया/साउथ एशिया) के अकाउंट टेक्निकल लीडर डॉ. प्रभात मनोज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कॉन्फ्रेंस के प्लेनरी सत्रों में प्रो. ऑस्कर कैस्टिलो, तिजुआना इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैक्सिको, प्रो. लिलियन गुरान, बाबेश-बोल्याई यूनिवर्सिटी और डॉ. आईपीएस सेठी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कॉन्फ्रेंस में स्पिरू हरेट यूनिवर्सिटी, बुखारेस्ट, रोमानिया से प्रो. निकोलाई पी. बोरोरिन,शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जबलपुर के प्राचार्य प्रो. एस. एस. ठाकुर, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली से प्रो. करण सिंह, प्रो. रितुपा हदा, डॉ. कौशिक घोष, डॉ. बिस्वजीत मुखर्जी आदि विशेषज्ञ शामिल होंगे।

टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने कहा, डिजिटल तकनीक आज शिक्षा, उद्योग और समाज के लगभग प्रत्येक क्षेत्र को प्रभावित कर रही है। ऐसे समय में शोध, नवाचार और तकनीकी विशेषज्ञता को एक साझा मंच पर लाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। वीसी प्रो. वीके जैन कहते हैं,आईसीडीटीआईएस-2026 कॉन्फ्रेंस देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को संवाद एवम् ज्ञान-विनिमय का अवसर प्रदान करेगी और युवा शोधकर्ताओं को नई दिशा देने में सहायक होगी।सीसीएसआईटी के वाइस प्रिंसिपल प्रो. अशोक कुमार ने कहा, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और इंटेलिजेंट सिस्टम्स के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को समझने के लिए गुणवत्तापूर्ण शोध और उद्योग-अकादमिक सहयोग आवश्यक है। कॉन्फ्रेंस की कन्वीनर डॉ. शालिनी निनोरिया एवम् डॉ. नूपुर मित्तल चौहान हैं।

error: Content is protected !!