सावन के प्रत्येक सोमवार को नगर के विभिन्न शिवालयों में “महा आरती” करेगा हिंदू जागृति मंच



लव इंडिया, संभल। हिंदू जागृति मंच ने निर्णय लिया है कि पवित्र श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को नगर संभल के विभिन्न शिवालयों में सामूहिक “महा आरती” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कांवड़ियों का स्वागत-अभिनंदन, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक तथा भगवान शिव की भव्य आरती की जाएगी।


तिरंगा मार्केट स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए हिंदू जागृति महिला मंच की जिलाध्यक्ष श्रीमती मीनू रस्तोगी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पावन समय है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों का सम्मान करना तथा प्रत्येक सोमवार को मंदिरों में सामूहिक महा आरती करना अत्यंत पुण्यदायी कार्य है। उन्होंने बताया कि सभी सोमवारों के लिए विभिन्न मंदिरों में आरती की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


बैठक में हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने प्रदेश महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता को श्रावण मास की सामूहिक महा आरती का प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि मंच वर्षों से श्रावण मास में शिव मंदिरों में भक्ति, कीर्तन, रुद्राभिषेक और सामूहिक महा आरती का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष प्रयास रहेगा कि नगर के अधिक से अधिक शिवालयों में एक साथ महा आरती संपन्न हो।


बैठक में ज्योति गुप्ता, आशा गुप्ता, सुभाष चंद्र मोंगिया, श्याम शरण शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा, अतुल कुमार शर्मा, अंकुर रस्तोगी, शालिनी रस्तोगी तथा विकास कुमार वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता सुमन लता शर्मा ने तथा संचालन बबीता भारद्वाज ने किया।

error: Content is protected !!