शिक्षा का हाल: हिमाचल के 2,683 सरकारी प्राइमरी स्कूल एक-एक शिक्षक के सहारे

India Uncategorized शिक्षा-जॉब

हिमाचल प्रदेश के 2,683 सरकारी प्राइमरी स्कूलों में सिर्फ एक-एक शिक्षक नियुक्त है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में सबसे अधिक 534 स्कूल एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। 6,000 स्कूलों में दो-दो और 1,400 प्राइमरी स्कूलों में तीन-तीन शिक्षक नियुक्त हैं। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों का नामांकन लगातार घट रहा है। दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में हालत सबसे अधिक खराब है।

प्रदेश में पहली से पांचवीं कक्षा के 153 सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में एक भी विद्यार्थी का दाखिला न होने की वजह से ताले लटक गए हैं। जिला शिमला में सबसे अधिक 39, कांगड़ा में 30 और मंडी में ऐसे 26 स्कूल हैं। 10 विद्यार्थियों की संख्या वाले 2,100, छह से नौ बच्चों वाले 1,274 और पांच बच्चों वाले 673 स्कूल हैं। सिर्फ एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे 2,683 प्राइमरी स्कूलों में पांच कक्षाओं के विद्यार्थियों को किस प्रकार से शिक्षा दी जा रही होगी, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

जिला मुख्यालयों के स्कूलों में विद्यार्थियों से अधिक शिक्षक
प्रदेश के जिला मुख्यालयों से सटे सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों से अधिक शिक्षक हैं। राजधानी शिमला में नेताओं और अफसरों के नजदीकी शिक्षक कई वर्षों से ट्रांसफर नहीं हुए हैं। सूबे में विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात का भी सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदेश में सरकारें बेशक पांच साल बाद बदलती हों लेकिन राजधानी शिमला सहित जिला मुख्यालयों के इर्दगिर्द जमे कई शिक्षक आज तक नहीं बदले हैं। ऐसे शिक्षकों की संख्या भी बहुत अधिक है जो हर तीन साल बाद सिर्फ  दो ही स्कूलों में ऐडजस्टमेंट करवाकर जिला मुख्यालयों के नजदीक टिके हैं। 

जिला                    एक शिक्षक वाले स्कूल
मंडी                        534
कांगड़ा                    441
शिमला                    332
चंबा                        281
सिरमौर                    220
सोलन                     216
बिलासपुर                194
कुल्लू                     173
हमीरपुर                    168
ऊना                        79
लाहौल स्पीति            31
किन्नौर                    14

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती लगातार जारी है। शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में प्राथमिकता के आधार पर नियुक्तियां दी जा रही हैं। शिक्षकों का युक्तिकरण करने को भी कहा गया है। जिन स्कूलों में जरूरत से अधिक शिक्षक नियुक्त हैं, वहां से इन शिक्षकों को कमी वाले स्कूलों में भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *