मानव जीवन में प्रथम गुरु एवं देव हैं माता-पिता: विनय कुमार मिश्र
लव इंडिया,संभल। माता पिता पूजन समारोह के माध्यम से हिंदू जागृति मंच ने माता पिता के महत्व, उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन को व्यक्ति के जीवन में वरदान के समान बताया गया।
विक्रम पैलेस में आयोजित माता पिता पूजन समारोह में सर्वप्रथम भारत माता के चित्र के समक्ष उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने दीप प्रज्वलन किया तथा माल्यार्पण कर पूजन किया। इसके पश्चात अपनी बात रखते हुए हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने श्रीरामचरितमानस से भगवान श्री राम और लक्ष्मण के आज्ञा पालक पुत्र स्वरूप का जीवंत वर्णन करते हुए बताया कि हमें अपने माता-पिता का हर क्षण हर पल आभारी रहना चाहिए और कृतज्ञता ज्ञापित करते रहना चाहिए।
अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में माता पिता के रूप में भगवान ने वरदान दिया है। इस वरदान का सदुपयोग करना है, सम्मान करना है, और जीवन पर्यंत उनकी आज्ञा का पालन करना है। उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने उपस्थित जनसमुदाय को, विद्यालय से आए छात्र-छात्राओं और उनके माता-पिता को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी संतति आज्ञाकारी हो सुसंस्कृत हो और विनम्र तथा योग्य हो इसकी जिम्मेदारी माता पिता को निभानी है। तत्पश्चात पुत्रों को यह सिद्ध करना है कि हम संस्कारवान माता पिता की संतान है। हमारे व्यवहार से यह जीवन पर्यंत सिद्ध होता रहे।
कार्यक्रम में नगर समाज के 100 से अधिक लोग अपने बच्चों के साथ आए सभी बच्चों ने अपने माता-पिता का रोली चावल से तिलक किया। कलावा बांधा, पूजन किया और मिष्ठान खिलाकर माल्यार्पण किया। तथा अपने माता-पिता को उपहार भी भेंट किए। उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने भी अपने पिता को सपत्नी पूजन करके उपहार भेंट किया। इस अवसर पर अनेक माता-पिता अपने बच्चों के साथ उपस्थित हुए और माता पिता पूजन समारोह को सार्थक किया। हिंदू जागृति मंच के नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र मोंगिया ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
परीक्षित मोगिया, शालिनी रस्तोगी,शालिनी रस्तोगी मीनू, रूपाली गुप्ता, सरिता गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, अतुल कुमार शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा, प्रीति शर्मा, विष्णु कुमार अंकित रस्तोगी, वैभव गुप्ता, हिमांशु कश्यप, पंकज संख्यधार,नीरू चाहल आदि ने अपने विचार व्यक्त कर कार्यक्रम को सफल बनाया। समारोह में माता-पिता का पूजन गुरुकुल के विद्वान पंडित शोभित शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ विधान पूर्वक कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने की तथा संचालन हिंदू जागृति मंच के मंडल अध्यक्ष अनंत कुमार अग्रवाल एवं सुबोध कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।