पाकबड़ा जामा मस्जिद में ईद उल अजहा की तैयारी, सुबह 7 बजे होगी ईद की नमाज

लव इंडिया मुरादाबाद। पाकबड़ा स्थित जामा मस्जिद में आगामी त्यौहार ईद उल अजहा की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जामा मस्जिद के पेश इमाम काज़ी शम्मे आलम ने की, जबकि निजामत के फराइज शाहनवाज अंसारी ने अंजाम दिए। बैठक में पाकबड़ा क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के इमामों, मस्जिद कमेटियों के मिम्बरान और समाज के जिम्मेदार लोगों ने शिरकत की।


बैठक में ईद उल अजहा की नमाज के वक़्त का एलान करते हुए बताया गया कि ईद की नमाज सुबह ठीक 7 बजे अदा की जाएगी। साथ ही कुर्बानी से मुतालिक जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। उलेमा और जिम्मेदारान ने लोगों से अपील की कि कुर्बानी खुले स्थानों पर न करें और इस बात का खास ख्याल रखा जाए कि किसी तरह की गंदगी न फैले।


बैठक में यह भी कहा गया कि कुर्बानी के बाद जानवर का गोश्त पूरी तरह ढक कर ले जाया जाए, ताकि साफ-सफाई और एहतियात का माहौल बना रहे। इसके अलावा पाकबड़ा नगर पंचायत प्रशासन से मुकम्मल सफाई व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि ईद उल अजहा का त्यौहार आपसी भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देता है, इसलिए सभी लोग अमन और तहज़ीब के साथ त्यौहार मनाएं। बैठक के आखिर में मुल्क में अमन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ भी कराई गई।

error: Content is protected !!