मेरठ घटना पर राजनीति न हो, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह


लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने मेरठ में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


शनिवार को मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरठ की घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा हिंदू परंपराओं, आस्था, सनातन संस्कृति, मठों और मंदिरों को लेकर नकारात्मक राजनीति की है और आज भी वही कर रही है।


कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी पहचान छिपाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी पहचान सार्वजनिक रखनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए।


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान पर टिप्पणी करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह केवल चुनाव तक सीमित रहने वाला राजनीतिक अभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में जातिवाद के आधार पर कार्य होते थे, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश भयमुक्त और अपराध पर नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ा है।

error: Content is protected !!