नए चौकी इंचार्ज ने संभाली कमान, जाम से निजात दिलाने के लिए सड़क पर उतरी सराय तरीन पुलिस

सराय तरीन (संभल)। हयातनगर थाना क्षेत्र की सराय तरीन पुलिस चौकी में नए चौकी इंचार्ज योगेश कुमार ने पदभार संभालते ही यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को पुलिस टीम ने चौकी से रिक्शा स्टैंड तक सड़क पर खड़े दोपहिया वाहनों और बैटरी रिक्शों के खिलाफ कार्रवाई की। सड़क पर खड़ी बाइकों के चालान भी किए गए।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से सड़क पर खड़ी बाइकों के नंबर चेक कर वाहन स्वामियों की जानकारी जुटाई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए गए। साथ ही वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई कि वे सड़क पर बाइक खड़ी करके यातायात बाधित न करें।

ठेले, बाइक और रिक्शों से लगता है जाम

स्थानीय स्तर पर इस मार्ग पर जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पुलिस चौकी से रिक्शा स्टैंड तक सड़क किनारे सब्जी और फल के ठेले लगते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में बाइकें और बैटरी रिक्शे भी खड़े रहते हैं। इससे सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम हो जाती है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी होती है।

इसी समस्या को देखते हुए नए चौकी इंचार्ज ने पुलिसकर्मियों के साथ सड़क पर खड़े बैटरी रिक्शों को भी हटवाया और यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए।

पुलिस के जाते ही फिर जमा हुए रिक्शे

पुलिस की कार्रवाई के दौरान सड़क से रिक्शे हटाए गए, लेकिन अभियान समाप्त होने और पुलिस के वहां से जाने के बाद कुछ रिक्शा चालकों ने दोबारा उसी स्थान पर रिक्शे खड़े कर दिए। इससे सवाल उठता है कि क्या केवल अभियान चलाने से जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो पाएगा?

अब देखना होगा कि सराय तरीन पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहता है या नहीं और रिक्शा स्टैंड के आसपास लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों को कितनी राहत मिलती है।

error: Content is protected !!