विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद शहर सीट पर ब्राह्मण को टिकट दें समाजवादी पार्टी
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियों के बीच भगवान परशुराम संघर्ष समिति, मुरादाबाद ने समाजवादी पार्टी से मुरादाबाद शहर विधानसभा सीट पर ब्राह्मण समाज के योग्य प्रत्याशी को टिकट देने की मांग उठाई है।
बुद्धिविहार स्थित व्हाइट हाउस में छोटे लोहिया एवं केंद्रीय मंत्री जंभेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में समिति ने इस संबंध में बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय तथा मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा को ज्ञापन सौंपकर पार्टी नेतृत्व के समक्ष इस मांग को प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया। समिति के जिला अध्यक्ष रजत शर्मा की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि मुरादाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60 हजार ब्राह्मण मतदाता हैं, जो चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से इस समाज को सम्मानजनक राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है।

ज्ञापन में कहा गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज एक प्रभावशाली और निर्णायक वर्ग है तथा वह सम्मानजनक भागीदारी की अपेक्षा रखता है। समिति का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई घटनाओं और कथित उपेक्षा के कारण ब्राह्मण समाज के एक वर्ग में असंतोष है और वह ऐसे राजनीतिक विकल्प की तलाश में है, जो उसे उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान दे सके।समिति ने समाजवादी पार्टी से मांग की है कि मुरादाबाद शहर विधानसभा सीट से योग्य, शिक्षित, स्वच्छ छवि, संघर्षशील एवं जनसेवा से जुड़े ब्राह्मण प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि इससे न केवल ब्राह्मण समाज का विश्वास समाजवादी पार्टी के प्रति मजबूत होगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी को राजनीतिक लाभ मिलने की भी संभावना है।समिति ने सांसद सनातन पांडेय से अनुरोध किया है कि वह इस विषय को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गंभीरता से रखें। वहीं सांसद रुचि वीरा से भी मुरादाबाद के स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए ब्राह्मण समाज की इस मांग का समर्थन करने का आग्रह किया गया है।

समिति ने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी सामाजिक संतुलन और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की अपनी नीति के अनुरूप इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी। इस दौरान, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव,जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव,जिलाध्यक्ष रजत शर्मा,इंग्लेश शर्मा,नरेश शर्मा,गोल्डी व अन्य लोग मौजूद रहे।
