संभल कूच कर रहे शिवसैनिकों को प्रशासन ने रोका, प्रदेश पदाधिकारियों समेत कई गिरफ्तार
लव इंडिया, मुरादाबाद। श्री हरिहर मंदिर, संभल में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की मांग को लेकर शिवसेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार को संभल के लिए रवाना हुए। मुरादाबाद स्थित शिवसेना कार्यालय से जिला प्रमुख नन्हे चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न जनपदों से आए प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक संभल के लिए निकले।
भगवा ध्वज लेकर शिवसैनिकों ने ‘जय भवानी-जय शिवाजी’ के नारे लगाए। हालांकि, शिवसैनिकों के संभल की ओर बढ़ने के दौरान स्थानीय प्रशासन ने उन्हें हरथला सब्जी मंडी के पास रोक दिया। संगठन की ओर से बताया गया कि इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा सहित प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रमुखों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
मौके पर शिवसेना के राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन श्री हरिहर मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की अनुमति की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा शिवसैनिकों को रोके जाने पर विरोध जताया।
शिवसेना की ओर से श्री हरिहर मंदिर के इतिहास और उसके धार्मिक स्वरूप को लेकर विभिन्न दावे किए गए। राज्य प्रमुख ने कहा कि संगठन सावन के दौरान मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाने की मांग करता रहा है और इसे लेकर लंबे समय से संघर्ष चल रहा है।
शिवसेना के प्रदेश सचिव राम प्रसाद प्रजापति ने दावा किया कि मुरादाबाद इकाई करीब 25 वर्षों से श्री हरिहर मंदिर को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने प्रशासन से धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जलाभिषेक की अनुमति देने की मांग की।
इस दौरान जिला प्रमुख नन्हे चौधरी ने जिलाधिकारी मुरादाबाद के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी प्रेषित किया। संगठन ने श्री हरिहर मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक को लेकर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में राज्य सचिव राम प्रसाद प्रजापति, मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी, महानगर प्रमुख मनोज कुमार, बाबा कुशल सिंह, नितिन वर्मा, रजत शोत्रिय, राकेश कुमार प्रजापति, ओमप्रकाश सैनी, मुकेश सक्सेना, रोहिताश कश्यप, मंगली सैनी, मोहर सिंह कश्यप, इंद्रजीत सिंह, मुकेश दिवाकर, दीपक चौधरी, हर्षित अग्रवाल, पुष्पक सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, मोहित रस्तोगी, अंकित पाल, बंटी झा, तिलक सैनी, ठाकुरदास सैनी, कपिल देव, शंकर लाल, सत्यम कश्यप, उतरेश कुमार, महेश पंडित, राकेश शर्मा, एडवोकेट सुभाष चंद्र शर्मा, लकी चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
