लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना मुगलपुरा पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग की मुखिया समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 10 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत की गई।
डराकर उससे 85 हजार रुपये ठग लिए

नगर पुलिस अधीक्षक रणविजय सिंह के अनुसार 25 फरवरी 2026 को वादी नौशाद पुत्र अहमदुल्ला निवासी जामा मस्जिद पार्क बरबालान, थाना मुगलपुरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन कपड़े उतरवाकर वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी तथा डराकर उससे 85 हजार रुपये ठग लिए।
ट्रैप गैंग की मुखिया रिहाना

इस मामले में थाना मुगलपुरा में मुकदमा संख्या 27/2026 धारा 111/308(5)/318(4)/115(2)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप गैंग की मुखिया रिहाना सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में रिहाना पत्नी फैसल निवासी घोसीपुरा, ग्राम ताजपुर माफी थाना कटघर, चांद बी पत्नी वली अहमद निवासी ताजपुर माफी थाना कटघर, इल्मा पत्नी सुलेमान निवासी धर्मपुरा थाना भोजपुर हाल निवासी स्कूलपुरा थाना भोजपुर, शगुफ्ता पुत्री वली अहमद निवासी ताजपुर माफी थाना कटघर तथा सुलेमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी धर्मपुरा थाना भोजपुर शामिल हैं।
यह गिरोह लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करता था

नगर पुलिस अधीक्षक रणविजय सिंह के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करता था और उनसे पैसे वसूलता था। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई की आम जनता में सराहना की जा रही है।

INDUSCLAY