12 सूत्रीय मांगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ, उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद जिला एवं महानगर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मंडलायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपकर विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के सफाई कर्मचारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार से अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखते हैं। संगठन का कहना है कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन और पत्राचार के माध्यम से मांगें उठाई गईं, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो सका।

संघ ने मांग की कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप उपवर्गीकरण को वाल्मीकि समाज के हित में लागू करते हुए शासनादेश जारी किया जाए। वर्ष 2006 से कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा नगरीय निकायों में रिक्त पड़े लगभग 75 हजार पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए।
इसके अलावा सेवा के दौरान संविदा सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को मृतक आश्रित के रूप में नौकरी देने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने तथा निकायों में निजी कंपनियों और निजीकरण की व्यवस्था समाप्त करने सहित अन्य मांगें भी ज्ञापन में शामिल की गईं।

स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष नीरज पाराशर एवं महानगर अध्यक्ष संजीव चौधरी वाल्मीकि ने संयुक्त रूप से बताया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन में दिलीप वाल्मीकि, प्रदीप चौहान वाल्मीकि, मुरारी लाल सेशन, अमित भारती, सुनील कांत, रजनीश चौधरी, गौतम राणा, आकाश बेदी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, सफाई कर्मचारी एवं वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे।
