लव इंडिया, संभल। ऑनलाइन दवा बिक्री और प्रस्तावित मेडिकल बंदी को लेकर संभल में केमिस्ट एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। चंदौसी रोड स्थित हसीना बेगम अस्पताल में हुई बैठक में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने 20 मई को सभी मेडिकल स्टोर खुले रखने का आह्वान किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संभल को सौंपकर केमिस्टों की समस्याओं और ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़े मुद्दों से अवगत कराया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी राहिल भारतीय ने कहा कि मेडिकल बंद रखना और हड़ताल करना आवश्यक वस्तु अधिनियम के उल्लंघन तथा प्रशासन को चुनौती देने जैसा कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाना चाहिए।

उन्होंने सभी केमिस्ट बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि 20 मई को अपने-अपने मेडिकल स्टोर नियमित रूप से खोलें और किसी भी प्रकार के भ्रम में न रहें। राहिल भारतीय ने कहा कि केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार केमिस्ट एसोसिएशन प्रस्तावित हड़ताल का खुलकर विरोध करेगा।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर जताया रोष
बैठक के दौरान एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मोहम्मद शाहनवाज आलम ने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से न केवल दवा विक्रेताओं को बल्कि मरीजों, समाज और राष्ट्र को भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन औषधि बिक्री कई गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। बैठक में हेमंत वार्ष्णेय, दुर्वेश सैनी, सतवीर पाल, सुबोध सिंह और नीरज कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी ऑनलाइन दवा बिक्री पर नाराजगी जताई और इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

बैठक के बाद केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्य उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संभल निधि पटेल को सौंपा गया।
ज्ञापन में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा उठाई गई चिंताओं का समाधान करने की मांग की गई। एसडीएम निधि पटेल ने ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने और केमिस्ट एसोसिएशन की चिंताओं से शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
मेडिकल बंद होने से जनता को होगी परेशानी
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल स्टोर बंद होने से आम जनता को दवाओं की उपलब्धता में दिक्कत हो सकती है, जिससे सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होंगी। एसोसिएशन ने कहा कि वह ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ है, लेकिन मरीजों की सुविधा को देखते हुए मेडिकल स्टोर बंद करने के पक्ष में नहीं है।
इस दौरान मोहम्मद नसीम के नेतृत्व में आरिफ, नदीम, दिनेश कुमार, बॉबी, अनिल, अतुल त्यागी, सतवीर पाल और नीरज सैनी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।