चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावों में ऑफलाइन व्यवस्था बहाल करने की मांग, पेंशनर्स ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

मुरादाबाद। सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निस्तारण में आ रही परेशानियों को लेकर संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समिति ने मांग की कि ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ-साथ पेंशनभोगियों के लिए पहले की तरह ऑफलाइन व्यवस्था भी लागू रखी जाए। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारी गोपी कृष्ण को सौंपा गया।

इससे पहले दांग प्राइमरी स्कूल स्थित पेंशनर्स भवन में समिति के बैनर तले जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने बताया कि चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति के भुगतान के लिए शासनादेश के अनुसार 1 अक्टूबर से ऑनलाइन प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है। सदस्यों ने इस प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को साझा करते हुए कहा कि चिकित्सा बिल जमा करने और उनके भुगतान की प्रक्रिया में कई पेंशनभोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में मांग उठाई गई कि ऑनलाइन व्यवस्था जारी रखने के साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे पहले की तरह ऑफलाइन माध्यम से भी स्वीकार किए जाएं, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने चिकित्सा बिलों के निस्तारण में अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

इसके बाद समिति के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी गोपी कृष्ण को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प भी उपलब्ध कराने की मांग की गई।

समिति के मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने ज्ञापन और प्रदर्शन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पेंशनभोगियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावों में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए पुरानी ऑफलाइन व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। बैठक में समिति की सदस्य संख्या बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, जिला संयोजक मुरादाबाद पीएस गिल, सर्वेश शर्मा, मोहम्मद नईम सिद्दीकी, कुंवर बहादुर सिंह, शरद कपूर, रईस अहमद, राजेंद्र कुमार शर्मा, राजेंद्र मोहन शर्मा, वीरेंद्र मोहन शर्मा, धर्मेंद्र कुमार अरोरा, सतीश चंद्र भटनागर, अतुल कुमार रस्तोगी, शहनवाज खान, एस.एस. यादव, अजय कुमार, मोहम्मद खालिद खान और विजय सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

error: Content is protected !!