लव इंडिया, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद यह निर्णय लिया गया। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
NTA ने मंगलवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने और लाखों छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया गया है। एजेंसी ने बताया कि 8 मई को परीक्षा से जुड़े संदिग्ध मामलों और इनपुट्स को केंद्रीय जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया था। शुरुआती जांच रिपोर्ट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
CBI करेगी जांच
पेपर लीक मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। राजस्थान एसओजी समेत कई एजेंसियां पहले से संदिग्ध नेटवर्क और पेपर लीक एंगल की जांच कर रही थीं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ कथित “गेस पेपर” में वास्तविक परीक्षा के 100 से अधिक प्रश्नों से समानता पाई गई।
देशभर में फैला था पेपर लीक का शक
जांच एजेंसियों को राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र जैसी सामग्री वायरल होने की सूचनाएं मिली थीं। सोशल मीडिया और टेलीग्राम चैनलों पर भी कथित पेपर बेचने के दावे सामने आए थे। हालांकि शुरुआती दिनों में NTA ने कई वायरल दावों को फर्जी बताया था और कहा था कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा में कराई गई है।
लेकिन बाद में केंद्रीय एजेंसियों की जांच में कई संदिग्ध कड़ियां सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए परीक्षा निरस्त करने को मंजूरी दे दी।
लाखों छात्रों की बढ़ी चिंता
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें इस वर्ष 22 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर दोबारा परीक्षा कराने के फैसले को लेकर नाराजगी जताई है, वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए फैसले का समर्थन भी किया है।
2024 की तरह फिर उठा पेपर लीक का मुद्दा
NEET परीक्षा पहले भी विवादों में रह चुकी है। वर्ष 2024 में बिहार और झारखंड में पेपर लीक मामले की जांच CBI तक पहुंची थी। उस मामले में कई गिरफ्तारियां हुई थीं और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठे थे।
जल्द आएगी नई परीक्षा तिथि
NTA ने कहा है कि नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों से जुड़ी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।