मुरादाबाद स्टेशन पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन में बिक रहा था अनधिकृत ब्रांड का पैकेज्ड पानी
लव इंडिया, मुरादाबाद। यात्रियों को मानक गुणवत्ता वाले खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। जांच टीम ने गाड़ी संख्या 12326 में अनधिकृत ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बिक्री करते हुए एक विक्रेता को पकड़ा और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के नेतृत्व में स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वाणिज्य विभाग की टीम ने गाड़ी संख्या 12326 में जांच के दौरान मैसर्स वृंदावन कैटरिंग कंपनी (टीएसवी) से जुड़े एक विक्रेता को “रॉयल चैलेंज” ब्रांड का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बेचते हुए पाया।

जांच अधिकारियों ने विक्रेता से उक्त ब्रांड के पानी की बिक्री संबंधी वैध अनुमति और अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध प्राधिकरण पत्र उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त किराया टिकट (EFT) के माध्यम से 950 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे टीम ने मौके से बरामद 29 कार्टन पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलों को भी जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को मुरादाबाद स्टेशन स्थित लॉस्ट प्रॉपर्टी ऑफिस (एलपीओ) में जमा करा दिया गया है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य और हितों को ध्यान में रखते हुए केवल अधिकृत और निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्पादों की बिक्री की अनुमति है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
