मां कैला देवी धाम से निकली हरिहर मंदिर पदयात्रा पुलिस ने रोकी, 500 मीटर चलने के बाद वापस लौटी यात्रा

संजीव गुप्ता, लव इंडिया, संभल। अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना की ओर से प्रस्तावित हरिहर मंदिर पदयात्रा को गुरुवार 19 नवंबर को पुलिस प्रशासन ने मां कैला देवी धाम से करीब 500 मीटर की दूरी पर रोक दिया। पदयात्रा सुबह 9 बजे धाम से शुरू हुई थी। पुलिस की ओर से यात्रा रोके जाने पर आयोजकों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महंत ऋषिराज गिरि जी महाराज और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश सिंघल के नेतृत्व में पदयात्रा मां कैला देवी धाम से रवाना हुई। यात्रा कुछ दूरी तक ही पहुंची थी कि पुलिस प्रशासन ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान काफी देर तक पुलिस और पदयात्रियों के बीच बहस होती रही।

पदयात्रा के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी। पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद पदयात्रा में शामिल लोग वापस मां कैला देवी धाम पहुंचे। वहां एक सभा आयोजित की गई, जिसमें पदयात्रा को अगले निर्णय तक स्थगित करने का फैसला लिया गया।

इस दौरान भाजपा नेता राकेश वैष्णव, राजेश सिंघल, हिरदेश यादव, महंत ऋषिराज गिरि, गंगा गिरि जी महाराज, विनय शर्मा, अजय कुमार शर्मा, राजेश गुप्ता और चंद्र प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अब पदयात्रा को लेकर आयोजकों के अगले निर्णय और प्रशासन के रुख पर नजर रहेगी।

error: Content is protected !!