प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुरादाबाद मंडल के धामपुर और हर्रावाला रेलवे स्टेशन का किया वर्चुअल उद्घाटन

देश के 75 रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित, पहली ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन और IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण भी लॉन्च

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से धामपुर और हर्रावाला रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर देशभर के कुल 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया गया।उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।

यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन (जीरो एमिशन) तकनीक पर आधारित है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए IRCTC की नई वेबसाइट के बीटा संस्करण का भी शुभारंभ किया गया।

धामपुर स्टेशन पर हुआ भव्य आयोजन

धामपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा, नगर पालिका परिषद धामपुर के अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख हेमलता चौहान तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) पारितोष गौतम सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम ने अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम से पहले नगर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी मंच से सम्मानित किया गया।

हर्रावाला में राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी, टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, डोईवाला विधायक ब्रजभूषण गैरोला तथा मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

नौ विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के नौ विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

वहीं ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा मंडल की सांस्कृतिक टीम ने नृत्य, गायन और सरस्वती वंदना की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इन स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

error: Content is protected !!