प्रतीक यादव की मौत: संदिग्ध पॉइजनिंग एंगल, पोस्टमार्टम जारी, अखिलेश और योगी ने जताया दुख
लखनऊ। समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राजधानी लखनऊ में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
सिविल अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया तो उनकी हालत बेहद गंभीर थी और डॉक्टरों ने उन्हें “ब्रॉट डेड” घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेजा गया है। शुरुआती स्तर पर डॉक्टरों को मामला संदिग्ध पॉइजनिंग का लगा, हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सिविल अस्पताल के निदेशक ने क्या बताया
सिविल अस्पताल के निदेशक के अनुसार प्रतीक यादव का ड्राइवर अस्पताल पहुंचा था और उसने डॉक्टरों को बताया कि “भैया की तबीयत खराब है।” इसके बाद डॉक्टर टीम उनके घर पहुंची, लेकिन वहां शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। बाद में उन्हें अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और कुछ दिन पहले मेदांता अस्पताल में भी भर्ती रहे थे।
पोस्टमार्टम के दौरान बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम KGMU में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात किए गए हैं। डॉक्टर मौसमी सिंह की टीम पोस्टमार्टम कर रही है। पोस्टमार्टम से पहले सीने का एक्सरे भी कराया गया। मौके पर अखिलेश यादव, अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने क्या कहा
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतीक यादव के निधन को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा “वो जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे। कुछ दिन पहले मुलाकात हुई थी। मैंने उनसे कहा था कि सेहत का ध्यान रखें और कारोबार पर फोकस करें।” अखिलेश यादव ने कहा कि कारोबार में नुकसान होने पर लोग मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं। कानूनी कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार जैसा चाहेगा वैसा किया जाएगा।
पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट फिर चर्चा में
प्रतीक यादव की मौत के बाद उनकी पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कभी इंस्टाग्राम पर अपर्णा यादव को लेकर भावुक पोस्ट लिखी थी, जिसमें पारिवारिक तनाव और तलाक जैसी बातें कही गई थीं। हालांकि बाद में प्रतीक यादव ने वीडियो जारी कर कहा था कि दोनों के बीच सब सामान्य है और विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। अब उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर वही पुरानी पोस्ट फिर वायरल हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा “प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।” मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
किन सवालों के जवाब बाकी
मामले में अभी कई सवालों के जवाब आने बाकी हैं:
क्या मौत प्राकृतिक कारणों से हुई?
क्या संदिग्ध पॉइजनिंग का एंगल सही है?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट क्या कहेगी?
क्या कोई कानूनी जांच आगे बढ़ेगी?
इन सभी सवालों के जवाब अब मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।