आरक्षण नहीं तो भाजपा को वोट नहीं! कश्यप, केवट, तुरैहा, निषाद सहित 17 जातियों के लोगों ने गंगाजल हाथ में लेकर लिया संकल्प

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। भगवान श्रीराम की नैया पार लगाने वाले निषाद समाज और कश्यप, तुरैहा सहित 17 जातियों के आरक्षण का मुद्दा अब राजनीतिक रूप लेता दिखाई दे रहा है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में हुई बैठक में भाजपा को लेकर बड़ा ऐलान किया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में गंगाजल लेकर संकल्प लिया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन जातियों को आरक्षण नहीं दिया गया तो वे भाजपा को वोट नहीं देंगे।

बैठक में VIP के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा (एडवोकेट) ने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले कश्यप, निषाद, मल्लाह, राजभर, प्रजापति सहित 17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कराने और आरक्षण दिलाने के लिए आंदोलन किए थे। सत्ता में आने के बाद भी इन जातियों को आरक्षण देने का वादा पूरा नहीं किया गया।

डॉ. तुरैहा ने कहा कि सरकार बने दस साल बीतने के बावजूद इन जातियों को आरक्षण नहीं मिला है। यदि 2027 के चुनाव से पहले आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया तो समाज के लोग भाजपा को वोट नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विकासशील इंसान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करेंगे और भाजपा को वोट न देने की अपील करेंगे।

बैठक में गंगाजल हाथ में लेकर लिए गए इस संकल्प को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक दबाव बनाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, यह संकल्प बैठक में मौजूद लोगों की ओर से लिया गया; इसे सभी 17 जातियों के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक निर्णय नहीं माना जा सकता।

बैठक में ओमकार प्रजापति, सुनील कश्यप, मुकेश कश्यप, जसवंत तोमर, ठाकुर मंजु राठौर, रामभरोसे कश्यप, हर्षित प्रजापति, मान सिंह गौतम, सरदार सिंह गौतम, प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अब सवाल यह है कि 2027 के चुनाव से पहले आरक्षण का यह मुद्दा कितना बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता है और भाजपा की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।

error: Content is protected !!