राहुल गांधी ने प्रियंका को खेत से ही लगा दिया फोन, बोले- महिलाएं आपके यहां भोजन करना चाहती हैं, फिर क्या हुआ

India Uttar Pradesh टेक-नेट तीज-त्यौहार तेरी-मेरी कहानी नारी सशक्तिकरण युवा-राजनीति

पिछले दिनों दिल्ली से हिमाचल प्रदेश जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी अचानक हरियाणा के सोनीपत स्थित एक गांव में चले गए थे। मदीना गांव के खेतों में पहुंचकर राहुल ने किसानों के साथ उनकी समस्याओं को सुना था और फिर धान की रोपाई की थी।राहुल के इस नए अवतार की हर जगह चर्चा हो रही है।

अब खेत में धान रोपने से जुड़ा पूरा वीडियो राहुल गांधी के यूट्यूब अकाउंट पर पोस्ट किया गया है। इसमें वह किसान महिलाओं के साथ भोजन करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं से पूछा कि क्या वह दिल्ली कभी गई हैं? महिलाओं ने राहुल से उनके घर पर बुलाकर खाना खिलवाने की मांग की तो कांग्रेस नेता ने अपनी बहन प्रियंका को फोन मिलाकर उनकी बात करवाई।खेतों में चलाया ट्रैक्टर, धान भी रोपाराहुल गांधी ने खेत में किसानों के साथ धान की रोपाई की। इस दौरान उन्होंने ट्रैक्टर भी चलाया।

राहुल ने पूछा कि क्या आपने लोन लेकर ट्रैक्टर खरीदा है?

इसके बाद राहुल ने ट्रैक्टर चलाया और फिर सवाल किया कि कितने साल चल जाते हैं, जिस पर किसान ने जवाब दिया कि 15 साल तक चल जाते हैं। राहुल ने किसानों से पूछा कि साल में कितनी फसल होती है, जिस पर किसान ने बताया कि दो होती है। राहुल ने पूछा कि 10 साल पहले ज्यादा आसान था, यह अब आसान है। इस पर किसानों ने कहा कि पहले ज्यादा आसान था। बीमा से लेकर सब सुविधाएं मिलती थीं। अब जिंदगी मुश्किल हो रही है। राहुल ने धान की रोपाई करते हुए पूछा कि ठीक लगा रहा हूं, जिसपर महिला ने कहा कि हां, अच्छे तरीके से लगा रहे।

महिलाओं से की बात, खाया खाना; प्रियंका से भी करवाई बात

राहुल गांधी के लिए खेत पर ही महिलाओं द्वारा बनाया गया खाना भी लाया गया। टिफिन बॉक्स में रोटी आदि परोसी गई। इस दौरान राहुल ने पूछा कि महिलाएं ज्यादा काम करती हैं या फिर पुरुष। इस पर महिलाओं ने कहा कि महिलाएं ज्यादा करती हैं।

वहीं, जब एक महिला ने कहा कि उन्हें दिखाई नहीं देता है, आंखों में मोतियाबिंद हो गया है। इस पर राहुल ने कहा कि आपको हम दिखवा देते हैं, जिस पर महिला ने कहा कि ठीक है दिखवा दीजिए। एक महिला ने कहा कि सब हमारे बारे में ही पूछ रहे, कुछ अपने बारे में भी बताइए। इस पर राहुल ने जवाब दिया कि मैं दिल्ली का हूं। महिला ने कहा कि फिर हमें भी दिल्ली दिखवा दीजिए। राहुल ने कहा कि आ जाइए फिर। मेरा घर नहीं है, सरकार ने ले लिया है।

गांधी परिवार से मिलीं महिलाएं, खाना भी खाया

इसके तुरंत बाद राहुल ने प्रियंका गांधी को फोन लगाकर महिलाओं की बात करवाई और कहा कि ये अकेली नहीं हैं। यहां पर 20 महिलाएं हैं, जोकि आपके घर आकर खाना खाना चाहती हैं। इस पर प्रियंका ने महिलाओं से कहा कि हां मैं खिलवाऊंगी। प्रियंका ने कहा कि कोई भी दिन बोल दो दिल्ली आने के लिए।

राहुल ने वादे को पूरा करते हुए महिलाओं को गाड़ी के जरिए दिल्ली बुलाया और कई जगह दिखवाई। इस दौरान महिलाओं को सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर महिलाओं को खाना खिलवाया गया और सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी भी वहीं मौजूद रहे। वीडियो में महिलाओं के साथ सोनिया गांधी हरियाणवी गाने पर डांस करते हुए भी दिखाई दीं, जबकि प्रियंका ने महिलाओं को गले भी लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *