Apna Dal (K) ने DIG को दिया ज्ञापन, कहा- नाबालिग के अपहरण में FIR दर्ज हो


लव इंडिया, मुरादाबाद। जनपद रामपुर के थाना केमरी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण के मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने पर अपना दल कमेरावादी के प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। मण्डल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीआईजी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।


20 जनवरी की रात की घटना


ज्ञापन के अनुसार, 20 जनवरी 2026 की रात लगभग 12 बजे थाना केमरी अंतर्गत ग्राम बिढऊ निवासी रामसुमर कश्यप की नाबालिग पुत्री को थाना भोट क्षेत्र के ग्राम मोहन की मढ़ेयान निवासी अरबिंद पुत्र रमेश अपने कुछ साथियों के साथ कथित रूप से मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर ले गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से ही लड़की का कोई सुराग नहीं मिला है और परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है।

पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप

पीड़ित पिता रामसुमर कश्यप का कहना है कि उन्होंने थाना केमरी के एसओ और पुलिस अधीक्षक रामपुर को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि गंभीर मामले के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई में देरी की जा रही है।


तीन दिन की चेतावनी


मण्डल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिन के भीतर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो एडीजी बरेली से मिलकर उच्चस्तरीय शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाबालिग के मामले में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और न्याय के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग


प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले में तत्काल अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन देने वालों में ये रहे शामिल


डीआईजी को ज्ञापन सौंपने के दौरान ठाकुर मंजु राठौर, धर्मेंद्र कश्यप, राकेश श्रीवास्तव, आँचल कश्यप, डॉ. कृपाल सिंह तुरैहा, रामसुमर कश्यप, उत्तम तुरैहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!