नगर निगम पर सफाई और विकास कार्यों में लापरवाही के आरोप, शिवसेना करेगी आंदोलन

लव इंडिया, मुरादाबाद। महानगर में सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों में कथित लापरवाही और व्यापारियों व आम नागरिकों के उत्पीड़न के आरोपों को लेकर शिवसेना ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी की है। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने युवा शिवसेना के महानगर प्रमुख के कार्यालय पर आयोजित बैठक में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की आपसी राजनीति के कारण महानगर के विकास और सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

बैठक में वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि मुरादाबाद में महापौर, भाजपा के जनप्रतिनिधि और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद महानगर की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी शिवसेना

वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि महानगर में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर पार्षदों द्वारा उठाए गए सवालों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक खींचतान का खामियाजा महानगर के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने घोषणा की कि शिवसेना इन समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी। साथ ही, नगर निगम की कार्यप्रणाली और महानगर की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आंदोलन भी किया जाएगा।

शिवसेना की ओर से कहा गया कि व्यापारियों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को दूर करने, सफाई व्यवस्था में सुधार करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, मुदित उपाध्याय, जीतू प्रजापति, आकाश सिंह, मयंक सैनी, राहुल, अंकित, अरुण ठाकुर, कैलाश, शिबू सैनी और तिलक राज शर्मा, सुरेश सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!