
मुरादाबाद। 30 नवंबर 2025 को शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार का मुरादाबाद आगमन हुआ। शहर पहुंचने पर क्षेत्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।
संविधान पार्क का किया निरीक्षण
सुरजीत कुमार ने बुद्धि विहार स्थित संविधान पार्क पहुंचकर पूरे परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में बनाया गया यह पार्क वास्तव में अद्वितीय है।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा किए गए उद्घाटन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह स्थान जनमानस को संविधान की सार्थकता और उसके मार्गदर्शन से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
रविदास जी और डॉ. अंबेडकर के विचारों पर बात
सुरजीत कुमार ने कहा कि गुरु रविदास जी ने जीवनभर आडंबर का विरोध किया और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि रविदास जी ने इस्लाम धर्म स्वीकार नहीं किया, बल्कि सत्य और मानव समानता पर आधारित मार्ग चुना।

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दुनिया के कई संविधानों का अध्ययन कर भारत का सर्वश्रेष्ठ संविधान तैयार किया। उन्होंने किसी दूसरे धर्म को स्वीकार न करते हुए बौद्ध धर्म को अपनाया, जो सत्य, समानता और ज्ञान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों की सराहना
सुरजीत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धन (वाराणसी) सहित बाबा साहब अंबेडकर के महत्वपूर्ण स्थलों का सौंदर्यीकरण करके देश को प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में मुरादाबाद का संविधान पार्क न केवल अनुसूचित जाति वर्ग बल्कि समाज के हर व्यक्ति को प्रेरणा और जागरूकता प्रदान करेगा।

पदाधिकारी रहे मौजूद
भ्रमण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष किशनलाल सिंह, क्षेत्रीय मंत्री अरविंद भारती, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी शिवकुमार राय, तथा सोशल मीडिया प्रभारी अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Hello world.