दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल Meta ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव करते हुए Instagram Plus, Facebook Plus और WhatsApp Plus नाम से नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने का ऐलान किया है। कंपनी अब केवल विज्ञापनों पर निर्भर रहने के बजाय सब्सक्रिप्शन मॉडल के जरिए भी कमाई बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

Meta की ओर से शुरू की गई नई व्यवस्था के तहत यूजर्स को अब कुछ एक्सक्लूसिव फीचर्स, एडवांस कस्टमाइजेशन टूल्स और प्रीमियम सुविधाएं केवल मासिक शुल्क देकर मिलेंगी। हालांकि कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐप्स का बेसिक वर्जन पहले की तरह मुफ्त रहेगा।
कब से लागू होगी नई व्यवस्था

Meta ने 27 मई 2026 से इन नए सब्सक्रिप्शन प्लान्स का ग्लोबल रोलआउट शुरू कर दिया है। कंपनी चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग देशों में इन सुविधाओं को उपलब्ध करा रही है। भारत में भी यह सेवा शुरू किए जाने की पुष्टि हुई है, हालांकि भारतीय यूजर्स के लिए आधिकारिक कीमतों का अलग से ऐलान अभी नहीं किया गया है।
कितनी होगी कीमत

रिपोर्ट्स के मुताबिक:
Instagram Plus — 3.99 डॉलर प्रति माह (करीब ₹387)
Facebook Plus — 3.99 डॉलर प्रति माह (करीब ₹387)
WhatsApp Plus — 2.99 डॉलर प्रति माह (करीब ₹290)
हालांकि भारतीय बाजार के लिए अंतिम कीमतें अलग हो सकती हैं।

क्या मिलेंगे नए फीचर्स
Meta द्वारा लॉन्च किए गए नए प्लान्स में कई एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं।
Instagram Plus में:-
स्टोरी री-वॉच काउंट देखने की सुविधा
स्टोरी को ज्यादा समय तक एक्टिव रखने का विकल्प
गुप्त तरीके से स्टोरी देखने का फीचर
प्रोफाइल और बायो कस्टमाइजेशन
सुपर रिएक्शन और विशेष एनिमेशन फीचर्स

Facebook Plus में:-
एडवांस स्टोरी टूल्स
अतिरिक्त ऑडियंस रीच फीचर्स
एक्स्ट्रा कस्टमाइजेशन ऑप्शन
बेहतर एंगेजमेंट टूल्स
WhatsApp Plus में:-
प्रीमियम स्टिकर्स
कस्टम थीम और रिंगटोन
ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा
एडवांस चैट मैनेजमेंट फीचर्स

Meta क्यों ला रही है पेड मॉडल
Meta पिछले कुछ वर्षों से AI और नई टेक्नोलॉजी पर भारी निवेश कर रही है। कंपनी अब अपने रेवेन्यू मॉडल को विज्ञापन आधारित सिस्टम से आगे ले जाकर सब्सक्रिप्शन आधारित बनाना चाहती है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया कंपनियां प्रीमियम अनुभव के लिए यूजर्स से शुल्क लेने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगी।

Meta ने “Meta One” नाम से AI और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए भी अलग प्रीमियम प्लान टेस्ट करने शुरू कर दिए हैं, जिनमें कंटेंट क्रिएटर्स, बिजनेस अकाउंट्स और AI टूल्स इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अतिरिक्त सुविधाएं दी जाएंगी।

क्या फ्री यूजर्स पर पड़ेगा असर?
कंपनी ने कहा है कि सामान्य यूजर्स पहले की तरह ऐप्स का मुफ्त इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि भविष्य में कई एडवांस फीचर्स केवल पेड यूजर्स तक सीमित रह सकते हैं। इससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अनुभव धीरे-धीरे “फ्रीमियम मॉडल” की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।