मुरादाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों से जाना हाल


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को मुरादाबाद पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय (पुरुष) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।


डिप्टी सीएम ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों का रजिस्टर चेक किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप गरीब, निर्धन और कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


बृजेश पाठक ने साफ कहा कि अस्पतालों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज और सुविधाओं में किसी प्रकार की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह, एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने उपमुख्यमंत्री का गुलाब का फूल भेंट कर स्वागत किया। इससे पहले उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुद्धिविहार स्थित व्हाइट हाउस बैंक्विट हॉल में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, डॉ. शैफाली सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


मुरादाबाद दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने हनुमान वाटिका और संविधान वाटिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हनुमान वाटिका की सराहना करते हुए कहा कि यह सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का सुंदर प्रतीक है।

वहीं संविधान वाटिका को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी मिलती है। इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दीपांशु पटेल भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर जिला अस्पताल और भाजपा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया।

error: Content is protected !!