छत्रपति शिवाजी चौक पर प्रतिमा स्थापना को लेकर शिवसेना ने नगर आयुक्त का किया अभिनंदन
लव इंडिया, मुरादाबाद। छत्रपति शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना के निर्णय का स्वागत करते हुए शिवसेना पदाधिकारियों और स्टेशन रोड के व्यापारियों ने सोमवार को नगर निगम कैंप कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त का अभिनंदन किया। इस दौरान शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भेंट की, पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा भगवा पटका पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्र गौरव, स्वाभिमान और हिंदवी स्वराज के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और शहर में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

वीरेंद्र अरोड़ा ने शिवसैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिवसेना नगर निगम और नगर आयुक्त का हृदय से अभिनंदन करती है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा के उद्घाटन अवसर पर शिवसेना की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिवसैनिक और नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम में कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, नरेंद्र सिक्का, रतन भाटिया, आकाश सिंह, शरद कपूर, तिलक राज शर्मा, राहुल सिंह, राजीव राठौर, बादाम सिंह, पंकज पाल, हर्ष सिंह, इंद्रजीत सिंह, सुरेश सैनी, मयंक सैनी, उमेश ठाकुर सहित अनेक शिवसैनिक और व्यापारी मौजूद रहे।
