
रिपोर्ट दर्ज कराने एसएसपी कार्यालय पहुंचे कर्मचारी
मुरादाबाद। थाना मुगलपुरा क्षेत्र के वार्ड 65 में कर वसूली के लिए गए नगर निगम कर्मचारियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना के बाद निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
क्या है पूरा मामला?

नगर निगम के राजस्व निरीक्षक प्रथम सतीश कुमार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को वे अपने साथ राजस्व निरीक्षक द्वितीय एवं बिल वितरक कर्मचारी के साथ वार्ड 65 में बकाया हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और सीवर टैक्स की वसूली के लिए गए थे।
कर्मचारियों का आरोप है कि एक मकान स्वामी के यहां बकाया कर की जानकारी देने और भुगतान का अनुरोध करने पर वहां मौजूद लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसी दौरान क्षेत्रीय पार्षद कमर सलीम मौके पर पहुंचे और कथित रूप से कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व बदसलूकी की।
सरकारी रसीद बुक फाड़ने का भी आरोप

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाद के दौरान एक कर्मचारी के हाथ से सरकारी रसीद बुक छीनकर फाड़ दी गई। साथ ही मोबाइल फोन से वीडियो बनाने का प्रयास करने पर मोबाइल छीनने और धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों में भय और रोष का माहौल बन गया। कर्मचारी संघ का कहना है कि यदि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में राजस्व वसूली अभियान प्रभावित हो सकता है।
एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

मामले को गंभीर बताते हुए नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुहम्मद सुभान, शमशाद हुसैन, संजीव कुमार, आसिफ अली, सतीश कुमार समेत अन्य कर्मचारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने संबंधित पार्षद के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, अभद्रता और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
नगर निगम प्रशासन का रुख

उच्च अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। अपर नगर आयुक्त की ओर से थाना प्रभारी को पत्र भेजकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
कर्मचारी संघ की चेतावनी

कर्मचारी संघ का कहना है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि नगर निगम कर्मचारी शासन के निर्देश पर कर वसूली अभियान चला रहे हैं और ऐसे में उनके साथ अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Hello world.