मुरादाबाद। जिले के एक कॉलेज में सिख छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोपों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


संगठन पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कोठ (मुरादाबाद) क्षेत्र के एक छात्र के साथ कॉलेज परिसर में कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि छात्र को उसकी धार्मिक पहचान के कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और परीक्षा में बैठने से भी रोका गया।


छात्र को परीक्षा से रोके जाने का आरोप


ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित छात्र परीक्षा देने कॉलेज पहुंचा था, लेकिन कॉलेज स्टाफ और कुछ अधिकारियों द्वारा उसे परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। छात्र से कथित रूप से धार्मिक प्रतीक उतारने को कहा गया और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे सिख समाज में आक्रोश व्याप्त है।


सिख संगठनों में रोष


प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ ने कहा कि यह मामला केवल एक छात्र का नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज की अस्मिता से जुड़ा है। यदि किसी भी छात्र के साथ उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर भेदभाव किया गया है, तो यह संविधान के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

जांच टीम गठित करने का आश्वासन


जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक टीम गठित कर तथ्य जुटाए जाएंगे और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल


प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन व सिख समाज के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में निष्पक्ष जांच और छात्र को न्याय दिलाने की मांग की।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!