
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। शहर के नागफनी थाना क्षेत्र स्थित बंगला गांव चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात में बेकरी कारोबारी मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह रोज़ा खोलने के बाद अपने साले के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
रोज़ा खोलकर नमाज को निकले थे

जानकारी के अनुसार जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद ‘अलवीना बेकरी’ नाम से कारोबार करते थे और शहर में उनकी कई शाखाएं संचालित हैं। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने साले के साथ स्कूटी से लाल मस्जिद की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी बंगला गांव चौराहे के पास पहुंची, पीछे से आए हमलावरों ने नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही असद सड़क पर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने संपत्ति विवाद को बताया वजह

परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद है। बताया जा रहा है कि असद का अपने साले जफर से मकान और अन्य संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जफर पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। परिवार का कहना है कि असद से कथित रूप से बड़ी रकम की मांग की जा रही थी। इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया। साला जफर हिस्ट्रीशीटर है।
चश्मदीद ने बताई पूरी घटना

घटना के समय स्कूटी पर पीछे बैठे बड़े साले ने पुलिस को बताया कि हमलावर पीछे से आए और सिर पर सटाकर गोली मारी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस चश्मदीद से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने गठित कीं पांच टीमें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। शहर और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।
न्यायिक परिवार से जुड़ाव
मृतक असद की बेटी असमा सुल्तान जनपद बुलंदशहर में ACJM सीनियर डिवीजन के पद पर तैनात हैं, दामाद एम जेड आलम भी ACJM सीनियर डिवीजन 1 के पद पर जनपद बुलंदशहर में ही तैनात हैं। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Hello world.