जीविका बचाओ आंदोलन का कलक्ट्रेट पर धरना,ठेला- पटरी विक्रेताओं की मांगें उठाईं


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। शहर में आज जीविका बचाओ आंदोलन समिति से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मजदूरों और ठेला-पटरी विक्रेताओं की विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

प्रशासन से पुनर्वास और आर्थिक सहायता की मांग

प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आजीविका से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ठेला, फड़ और खोमचा संचालकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए प्रशासन से पुनर्वास और आर्थिक सहायता की मांग की।


आजीविका बचाने को लेकर उठाई आवाज


धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहर में ठेला-पटरी और छोटे कारोबारियों को बार-बार हटाए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इन लोगों को उजाड़ने के बजाय स्थायी व्यवस्था और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छोटे विक्रेता और मजदूर वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, रखीं ये प्रमुख मांगें


प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समिति ने निम्न प्रमुख मांगें उठाईं—

ठेला-फड़ और पटरी व्यवसायियों को हटाने की कार्रवाई रोकी जाए।
छोटे व्यापारियों को निःशुल्क खोखे उपलब्ध कराए जाएं।
पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाए जाएं।
जरूरतमंद परिवारों के कर्ज माफ किए जाएं।
70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 10 हजार रुपये मासिक वृद्धावस्था पेंशन दी जाए।
कपूर कंपनी सब्जी मंडी को पुनः बहाल किया जाए।
नए वेंडिंग जोन बनाए जाएं।
जैन मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से कारोबार कर रहे ठेला विक्रेताओं को वहीं काम करने दिया जाए।
साप्ताहिक बाजारों को बंद या विस्थापित न किया जाए।


मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर व्यापक स्तर पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद


धरना-प्रदर्शन में श्यामसुंदर, रुबीर खान, रिजवान अली, ललिता प्रसाद, रामकिशोर सैनी, नासिर हुसैन, सुशील कुमार, पूजा, सुखदेवी, निजामुद्दीन, संतोष देवी, नितिन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!