उमंग उत्साह श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया माता-पिता पूजन दिवस

लव इंडिया, संभल। भारतीय इतिहास संकलन समिति ने छात्र-छात्राओं अभिभावकों और शिक्षक मंडल के साथ माता-पिता पूजन दिवस धूमधाम से मनाया। माता-पिता की आज्ञा पालन करने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया।


उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर में आयोजित माता-पिता पूजन दिवस कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां शारदा के चित्र के समक्ष मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर पूजन किया। तत्पश्चात विद्यालय के शिक्षकों के द्वारा अनंत कुमार अग्रवाल, चौधरी देवेंद्र सिंह तेवतिया, अजय कुमार शर्मा और मीनू रस्तोगी का पगड़ी पहनाकर माल्यार्पण करके श्रीमद् भगवत गीता भेंट करके स्वागत सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि माता-पिता चलते-फिरते देव हैं, सबसे बड़े तीर्थ हैं। उनके आदेश आज्ञा का पालन हर हाल में करना ही चाहिए।

उन्होंने इस संदर्भ में श्री रामचरितमानस से भगवान श्री राम का आदर्श प्रस्तुत करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को माता-पिता के प्रति उनके कर्तव्यों का पाठ पढ़ाया और सभी छात्र-छात्राओं को अपने माता-पिता की आज्ञा पालन करने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया।

भारतीय इतिहास संकलन समिति की जिला महिला प्रमुख मीनू रस्तोगी ने माता और पिता की विशेष महिमा का बखान करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने माता-पिता का सम्मान नहीं करता आज्ञा का पालन नहीं करता उससे कोई भी देवी देवता भगवान कभी प्रसन्न नहीं हो सकते और जो अपने माता-पिता का सम्मान करता है उससे कोई भी ईश्वरीय शक्ति कभी नाराज नहीं हो सकती ।


चौधरी देवेंद्र सिंह तेवतिया ने माता-पिता पूजन दिवस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रत्येक विद्यालय में मनाने और सामूहिक रूप से तथा पृथक पृथक घरों पर हर वर्ष आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांत संगठन मंत्री अनंत कुमार अग्रवाल ने कहा कि आज के बच्चे भविष्य के देश निर्माता है, भाग्य विधाता है। उन्हें संस्कार युक्त शिक्षा देना केवल शिक्षकों का ही नहीं बल्कि माता-पिता का भी दायित्व है और बच्चे अपने माता-पिता का सम्मान पूजन आज्ञा पालन कर्तव्य पालन करें ऐसी शिक्षा अति आवश्यक है। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर के शिक्षक मंडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विद्यालय ब्लॉक ही नहीं बल्कि जनपद क्षेत्र में यशस्वी है।


इस अवसर पर उपस्थित अभिभावक गण के समक्ष उनके पुत्र या पुत्री खड़े हुए। हाथ में पूजा की थाली के साथ अपने माता-पिता का रोली चावल से तिलक किया, माल्यार्पण किया। उपहार भेंट किया और चरण स्पर्श करके तथा हाथ जोड़कर प्रणाम करके आशीर्वाद लिया।

आजीवन आज्ञा पालन कर्तव्य पालन करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर तृषा लोधी, सेवाराम सिंह यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय इतिहास संकलन समिति के संरक्षक अनंत कुमार अग्रवाल ने की तथा संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अतुल कुमार शर्मा ने किया।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!