दीक्षांत समारोह-2026 में 6,041 उत्तीर्ण स्टुडेंट्स होंगे डिग्री से अलंकृत, 108 गोल्ड मेडल्स के संग-संग 36 रिसर्च स्कॉर्ल्स को अवार्ड होंगी पीएचडी

लव इंडिया, मुरादाबाद। 130 एकड़ में आच्छादित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद का हरित कैंपस एक बार फिर दीक्षांत समारोह का गवाह बनेगा। अतिथियों और छात्र-छात्राओं के मंगल आगमन को भव्य पंडाल की तैयारी अंतिम चरण में हैं। इस बार स्वास्थ्य एवम् परिवार कल्याण और रसायन एवम् उर्वरक मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री श्री जेपी नड्डा बतौर मुख्य अतिथि दीक्षांत समारोह में 14 मार्च को सुबह 10:30 बजे शिरकत करेंगे। वह करीब तीन घंटे कैंपस में रहेंगे।
उल्लेखनीय है, टीएमयू में बड़ी-बड़ी हस्तियों का मंगल आगमन होता रहा है। 2012 के प्रथम दीक्षांत समारोह में मिसाइल मैन एवम् पूर्व राष्ट्रपति श्री एपीजे अब्दुल कलाम बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे, जबकि 2024 में यूपी के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी भी यूनिवर्सिटी के डिग्री अलंकरण समारोह में छात्रों को अपना आशीर्वाद दे चुके हैं।

श्री नड्डा के संग-संग यूपी के उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, यूपी के वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना, भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष, चौधरी भूपेन्द्र सिंह भी दीक्षांत समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इस समारोह में आने की सभी मेहमानों ने पुष्टि कर दी है।
यह जानकारी देते हुए टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने बताया, दीक्षांत समारोह-2026 में 6,041 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिग्री से अलंकृत किया जाएगा। इनमें 36 रिसर्च स्कॉर्ल्स को पीएचडी डिग्री अवार्ड की जाएगी। इनके अलावा 108 गोल्ड मेडलिस्ट, 105 रजत मेडलिस्ट एवं 98 कांस्य मेडलिस्ट भी अलंकृत होंगे।

कैंपस में पहुंचते ही विश्वविद्यालय के आला प्रबंधन सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। जहां से ये मेहमान सीधे शैक्षणिक शोभायात्रा में शामिल हो जाएंगे। इस एकेडमिक प्रोसेशन के आगे-आगे बैंड, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस कैडेट्स, रेंजर्स एंड रोवर्स, यूनिवर्सिटी ध्वज के संग सीनियर मोस्ट टॉपर स्टुडेंट्स तथा सेंगोल संग संयुक्त कुलसचिव चलेंगे। शोभायात्रा में जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी।
पवेलियन से प्रारम्भ होने वाले एकेडमिक प्रोसेशन में यूनिवर्सिटी के चांसलर, ग्रुप वाइस चेयरमैन, वाइस चांसलर, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, डायरेक्टर्स, डीन, मुख्य परीक्षा नियंत्रक, प्रिंसिपल्स, एचओडी, प्रोफ़ेसर्स एवं सीनियर फैकल्टी शिरकत करेंगे। दीक्षांत समारोह में 36 रिसर्च स्कॉर्ल्स सहित 3647 छात्रों, जबकि 2394 छात्राओं को डिग्री से अलंकृत किया जाएगा।

समारोह में शिरकत करने वाले माननीय अतिथियों, एल्युमिनाई और स्टुडेंट्स देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति से भी रूबरू होंगे। कैंपस में अलग-अलग स्थानों पर हरियाणा और पंजाब, जैन थीम, हिमाचल प्रदेश, संपूर्ण भारत, उत्तर प्रदेश और गुजरात की संस्कृति को लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
Hello world.