लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार सफल होते दिखाई दे रहे हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार UPI, QR Code, RailOne App, UTS/PRS और ATVM जैसी डिजिटल सुविधाओं के उपयोग में पिछले कुछ महीनों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक डिजिटल भुगतान प्रणाली अपनाने से यात्रियों को टिकट लेने में अधिक सुविधा और समय की बचत हो रही है। साथ ही रेलवे के राजस्व संग्रहण में भी पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ी है।
मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 में अनारक्षित टिकटों में डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी 7.70 प्रतिशत और आरक्षित टिकटों में 16.07 प्रतिशत थी। मार्च में यह बढ़कर क्रमशः 9.33 प्रतिशत और 18.62 प्रतिशत हो गई।

अप्रैल 2026 में अनारक्षित टिकटों में डिजिटल भुगतान का प्रतिशत 11.92 और आरक्षित टिकटों में 26.28 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं मई 2026 के पहले पंद्रह दिनों में अनारक्षित टिकटों में 12.14 प्रतिशत और आरक्षित टिकटों में 27.80 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन दर्ज हुआ।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों द्वारा UPI और QR आधारित भुगतान को तेजी से अपनाया जा रहा है। स्टेशन स्तर पर डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का उपयोग भी लगातार बढ़ रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद मंडल का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।