रुद्रपुर/सितारगंज। बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, लाखों की नकदी, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और मोटरसाइकिल बरामद की है।

मामले का खुलासा एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2026 की रात किच्छा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई थी।

इस मामले में 20 अप्रैल को राजेंद्र कुमार गोयल की तहरीर पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक जयप्रकाश को सौंपी गई।

पुलिस टीमों ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्र के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
9 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी सितारगंज के केशवनगर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते

दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू
पुत्र दीपू रस्तोगी
निवासी मोहल्ला शाहजहांपुर, थाना शाहजहांपुर
दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता
पुत्र होरीलाल
निवासी शिव मंदिर शेरगढ़, बहेड़ी जिला बरेली
हाल निवासी केशवनगर कॉलोनी, थाना सितारगंज
अकील अहमद
पुत्र मुन्ने
निवासी इस्लामनगर, खटीमा
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से—389 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम चांदी के आभूषण, 3 लाख 85 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चोरी में प्रयुक्त आला नकब, काले रंग की एफजेड मोटरसाइकिल, काला बैग, सफेद-नीली चौखानेदार शर्ट, आसमानी- सफेद चौखानेदार तौलिया बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कुछ जेवर शाहजहांपुर क्षेत्र के सुनारों को बेचे गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।।एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक नेटवर्क उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक फैला हुआ है। उसके खिलाफ टनकपुर, दिनेशपुर, गदरपुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, सितारगंज और खटीमा समेत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की तलाश कर रही है।