Shiv Sena का गांव-गांव हिंदुत्व और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सम्मेलन में जेल भरो आंदोलन का ऐलान

लव इंडिया, मुरादाबाद। शिवसेना द्वारा “गांव से गांव जोड़ो ग्रामीण सम्मेलन” अभियान का शुभारंभ जिले के भैंसिया ग्राम से किया गया।

कार्यक्रम में शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों शिवसैनिकों ने रैली निकालते हुए “जय भवानी-जय शिवाजी” के नारों के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया।


सम्मेलन की शुरुआत भैंसिया गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में हुई, जहां भगवा ध्वज और जयघोष के बीच शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद शंखनाद कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।


सम्मेलन में वक्ताओं ने हिंदुत्व को संगठित करने, गौ हत्या रोकने, लव जिहाद के मामलों पर कार्रवाई, गरीब और कमजोर वर्ग की सहायता तथा सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ने का काम करेगा।


जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि शिवसेना पूरे जिले और तहसील स्तर पर करीब 30 बड़े कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का उत्पीड़न और सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिसके खिलाफ शिवसेना सड़क से लेकर आंदोलन तक करेगी।

उन्होंने घोषणा की कि इसी माह शिवसेना द्वारा “जेल भरो आंदोलन” शुरू किया जाएगा। आंदोलन के तहत प्रत्येक तहसील में कार्यक्रम आयोजित होंगे और हजारों की संख्या में शिवसैनिक गिरफ्तारी देंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में प्रदेश और अन्य राज्यों से भी शिवसेना पदाधिकारी शामिल होंगे।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, धर्मेंद्र यादव, शिव कुमार, सुरेश सैनी, प्रदीप राठौर, हरि सिंह, सोनू, विक्रम ठेकेदार, महेंद्र प्रधान, गंगाराम प्रधान, चंद्रपाल सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक और ग्रामीण मौजूद रहे।

error: Content is protected !!