लव इंडिया, मुरादाबाद। बाबू मुकुट बिहारी लाल (बी.एम.बी.एल.) जैन सेवा न्यास की एक महत्वपूर्ण बैठक माला निकेतन, बुद्धि विहार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता न्यास अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने की, जबकि संचालन सचिव नमन जैन द्वारा किया गया।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण तथा विशेष रूप से युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि न्यास द्वारा पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

यह प्रतियोगिता 7 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। प्रतियोगिता का लिंक न्यास की वेबसाइट www.bmbljaintrust.com पर उपलब्ध रहेगा। परीक्षा हेतु लिंक सायं 3 बजे से 4 बजे तक सक्रिय रहेगा तथा प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि में प्रश्नों के उत्तर देकर शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रतियोगिता में केवल पूर्व-पंजीकृत प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे। एक मोबाइल नंबर एवं एक ईमेल आईडी से केवल एक प्रविष्टि मान्य होगी। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी, जिसका उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।

न्यास द्वारा स्पष्ट किया गया कि न्यास परिवार से जुड़े सदस्य प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेंगे। प्रतियोगिता का तकनीकी संचालन नमन जैन, सम्भव जैन एवं अमन जैन एडवोकेट द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार ₹11,000, द्वितीय पुरस्कार ₹5,100, तृतीय पुरस्कार ₹2,100 तथा चार सांत्वना पुरस्कार ₹1,100-₹1,100 प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि विजेताओं के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।

बैठक में श्रीमती अलका जैन, अमन जैन एडवोकेट, सम्भव जैन, अभिनय जैन, प्रिया जैन, राशि जैन सहित न्यास के अनेक प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।