मंगलौर: मस्जिद में महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हरकत, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलौर में दो महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया आरोपी की पहचान करकला निवासी सुजीत शेट्टी के रूप में गई है। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया, सुजीत शेट्टी के खिलाफ महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई। इसमें कहा गया है कि ठोकोट्टू के हुडा जुम्मा मस्जिद परिसर में आरोपी ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकत की। पीड़िता ने बताया कि 28 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह मस्जिद में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थीं।
करीब रात के दो बजे जब महिलाएं मस्जिद परिसर में महिलाओं के लिए बने कमरे में नमाज अदा कर रहीं थीं, तभी सुजीत शेट्टी ने अवैध रूप से कमरे में प्रवेश किया और उनके हाथ खींच कर उनके साथ आपत्तिजनक हरकत की। पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।